Ad Code

बक्सर में 22 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ



बक्सर । श्री रामलीला समिति बक्सर के तत्वावधान में ऐतिहासिक किला मैदान स्थित विशाल मंच पर रविवार की देर शाम 22 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव का शुभारंभ वेदध्वनि और मंत्रोच्चार के बीच हुआ। बसांव पीठाधीश्वर श्रीश्री 1008 अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज एवं सीताराम विवाह स्थल के महंत श्रीश्री 1008 राजाराम शरण दास जी महाराज ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रामावतार पांडेय ने मुख्य यजमान के रूप में गणेशजी सहित अन्य देवताओं का पूजन-आरती किया। बसांव मठ से आए वेदपाठी छात्रों के मंत्रोच्चार से पूरा रामलीला मैदान गूंज उठा। पूजन का नेतृत्व विद्वान डॉ. नारायण शास्त्री व अन्य सहयोगी विद्वानों ने किया।

समारोह की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष रामावतार पांडेय ने की, जबकि संचालन सचिव बैकुंठनाथ शर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष सुरेश संगम ने प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र का संचालन प्रख्यात कथा वाचक डॉ. रामनाथ ओझा ने किया।

शुभारंभ के उपरांत वृंदावन से पधारे राधा माधव रासलीला एवं रामलीला संस्थान के कलाकारों ने श्री गणेश पूजन एवं शिव विवाह प्रसंग का मंचन किया। इसमें सती-शिव कथा से लेकर पार्वती-शिव विवाह तक की झांकी प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

समिति के सचिव बैकुंठनाथ शर्मा ने कहा कि आजादी पूर्व से चली आ रही यह सांस्कृतिक परंपरा बक्सर की पहचान है और समिति इसे निरंतर भव्यता प्रदान करती रही है। उन्होंने नगरवासियों, प्रशासन व मीडिया का आभार जताया। संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने बताया कि 15 सितम्बर से प्रतिदिन सुबह 10 बजे श्रीकृष्ण लीला और रात्रि 8 बजे से रामलीला का मंचन होगा।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे,सांसद सुधाकर सिंह,भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सत्यप्रकाश तिवारी, विधायक विश्वनाथ राम, नगर चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, आरएसएस प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह सहित जिले के प्रतिष्ठित साहित्यकार, समाजसेवी, व्यवसायी और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।

पूरे परिसर में व्रतधारी महिलाओं व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और वातावरण “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu