बक्सर । युवा नेता आकाश कुमार सिंह उर्फ़ रामजी सिंह के नेतृत्व में युवाशक्ति की टीम शुक्रवार को तीसरी बार भोजपुर जिले के जवइनिया गाँव पहुँची। यह गाँव इस समय कटाव और भीषण बाढ़ के बीच पूरी तरह मुख्य सड़क और नगर से कट चुका है, जहाँ पहुँचने का एकमात्र साधन नाव ही बचा है।
कटाव में घर-द्वार खो चुके कई परिवार बांध पर अस्थायी रूप से डेरा डाले हुए हैं। बरसात में ज़मीन पर ही सोने को मजबूर ये लोग हर समय साँप, बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के खतरे से घिरे रहते हैं। पहली और दूसरी राहत सामग्री वितरण यात्रा के दौरान स्थिति को करीब से देखने के बाद, युवाशक्ति टीम ने इस बार पीड़ितों को खाट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
इसके लिए बक्सर से पिकअप पर खाट का एक खेप बिहिया लाया गया और फिर नाव पर लादकर करीब 10 किलोमीटर की कठिन जलयात्रा के बाद जवइनिया पहुँचाया गया। वहाँ पीड़ित परिवारों के बीच खाट वितरण किया गया, जिससे उनके लिए ज़मीन पर सोने की मजबूरी और उससे जुड़े खतरों में कुछ कमी आ सके।
खाट पाकर पीड़ित परिवारों ने राहत की सांस ली और युवाशक्ति टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “इतना कठिन रास्ता तय करके आपलोग हमारी मदद के लिए आए, इसके लिए हम आभारी हैं। खाट मिलने से साँप-बिच्छू का खतरा कम होगा।”
इस राहत कार्य में वजीर, ओंकार मिश्रा, आशुतोष दुबे सहित कई सहयोगी सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments