Ad Code

पंचायत में स्वागत द्वार निर्माण के लिए मुखिया ने किया भूमि पूजन



बक्सर। सिमरी प्रखंड के काजीपुर पंचायत में सोमवार को स्वागत द्वार निर्माण कार्य की शुरुआत भूमि पूजन के साथ हुई। पंचायत के मुखिया इम्तियाज अंसारी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायत की पहचान और सौंदर्य में वृद्धि के उद्देश्य से यह स्वागत द्वार बनाया जा रहा है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को पंचायत की गरिमा का अनुभव होगा।

मुखिया ने बताया कि यह द्वार पंचायत के नीलामी मोड़ के समीप बनाया जाएगा, जो मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। निर्माण कार्य पर कुल 6 लाख रुपए की राशि व्यय की जाएगी, जो षष्टम वित्त आयोग से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा राज्य के सभी पंचायतों में स्वागत द्वार निर्माण की योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत काजीपुर पंचायत को भी शामिल किया गया है।



इस मौके पर मुखिया इम्तियाज अंसारी ने कहा कि यह केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि पंचायत की पहचान और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने वाला प्रतीक होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और समय सीमा के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने स्वागत द्वार निर्माण की इस पहल का स्वागत किया और मुखिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विकास योजनाओं और पंचायत स्तर पर चल रहे अन्य कार्यों पर भी चर्चा हुई।





................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu