बक्सर । अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर 1942 में महात्मा गांधी ने "अंग्रेजों भारत छोड़ो" का नारा दिया था, जिसने देश को आजादी की राह दिखाई थी। उसी तर्ज पर रविवार को राष्ट्रीय जनता दल के नेता संतोष मुखिया के नेतृत्व में ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सिमरी बाजार से "भाजपा गठबंधन की सरकार बिहार छोड़ो" और "भाजपा मुक्त बिहार" आंदोलन की शुरुआत की गई।
आंदोलन के दौरान स्थानीय जनता ने जलजमाव की समस्या को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। वक्ताओं ने कहा कि सिमरी बाजार की जनता वर्षों से जलजमाव से त्रस्त है, लेकिन 20 वर्षों से सत्ता में काबिज नीतीश सरकार इस समस्या पर कुंभकरणी नींद सो रही है। प्रतीकात्मक प्रदर्शन के तहत जाल से मछली मारकर सरकार को जगाने का प्रयास किया गया।
संतोष मुखिया ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पुनः धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ बिहार की जनता बाढ़ और सूखे से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ सरकार वोटर गणना के नाम पर चुनाव आयोग के सहारे मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने ऐसी "गूंगी और बहरी" सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
इस मौके पर मैनेजर सिंह, रमेश रंजन, विजय सिंह, मुना यादव, विकास सिंह, अर्जुन यादव, रविंदर सिंह, प्रदीप यादव, सुरेंद्र यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments