Ad Code

अमरपुर गांव में सरकारी सड़क की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, जेसीबी से ध्वस्त किया गया अवैध निर्माण


बक्सर । राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र स्थित अमरपुर गांव में प्रशासन ने सरकारी सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई की। लोक शिकायत निवारण कार्यालय के आदेश और पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने पर अंचल प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद गांव की मुख्य सड़क पर आवागमन का रास्ता साफ हो गया।



मिली जानकारी के अनुसार, अमरपुर गांव निवासी श्याम नारायण यादव ने गांव की मुख्य सड़क की सरकारी जमीन पर दीवार खड़ी कर अतिक्रमण कर लिया था। इससे सड़क संकरी हो गई थी और स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

इसको लेकर गांव के ही प्रशांत कुमार, पिता रमाकांत सिंह ने लोक शिकायत निवारण कार्यालय में लिखित आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। मामले की सुनवाई के बाद लोक शिकायत निवारण कार्यालय ने अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया था। 



प्रशासन की ओर से संबंधित व्यक्ति को स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश भी दिया गया था। शुरुआत में उन्होंने कब्जा हटाने की सहमति जताई, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

इसके बाद अंचल प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सीओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान धनसोई थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अभय कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu