Ad Code

गोकुल जलाशय के संरक्षण और संवर्धन के लिए बनेगी समेकित कार्ययोजना, दो दिवसीय कार्यशाला शुरू


डीडीसी निहारिका छवि ने किया शुभारंभ, विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता पर दिया जोर

बक्सर । गोकुल जलाशय के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रभावी प्रबंधन को लेकर मंगलवार को दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत भोजपुर वन प्रमंडल, आरा की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में जलाशय की समेकित प्रबंधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रबंधन प्रभावशीलता आकलन उपकरण पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें वेटलैंड्स इंटरनेशनल साउथ एशिया (WISA) तकनीकी सहयोगी संस्था के रूप में भाग ले रही है।


कार्यशाला का उद्घाटन उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न गौरव, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह तथा WISA के आर्द्रभूमि विशेषज्ञ रवि प्रकाश एवं सरोज कुमार बारीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डीडीसी निहारिका छवि ने कहा कि गोकुल जलाशय का संरक्षण और संवर्धन सभी संबंधित विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके प्रभावी प्रबंधन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक सहभागिता जरूरी है।

वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न गौरव ने कहा कि गोकुल जलाशय एक महत्वपूर्ण आर्द्रभूमि पारिस्थितिकी तंत्र है। समेकित प्रबंधन योजना के माध्यम से इसकी जैव विविधता, जलीय पारिस्थितिकी और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने जलाशय के प्राकृतिक स्वरूप और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से संरक्षण कार्य करने पर जोर दिया।


कार्यशाला के पहले दिन WISA के विशेषज्ञ रवि प्रकाश ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ समेकित प्रबंधन योजना पर विस्तृत चर्चा की। इसमें संरक्षण गतिविधियों की प्राथमिकता, चरणबद्ध क्रियान्वयन, विभागों की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिभागियों से उनके विभागों से संबंधित सुझाव भी लिए गए।

कार्यशाला में जलाशय के आसपास की पंचायतों के मुखिया, विभिन्न सरकारी विभागों के पदाधिकारी, गैर-सरकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय समुदाय के लोग शामिल हुए।

कार्यशाला के दूसरे दिन बुधवार को प्रबंधन प्रभावशीलता आकलन उपकरण पर प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। इसके माध्यम से जलाशय के वर्तमान प्रबंधन की प्रभावशीलता का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक उपायों की पहचान की जाएगी। इस पहल से गोकुल जलाशय के दीर्घकालिक संरक्षण और सतत प्रबंधन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu