बक्सर । जिले में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में डीडीसी ने कहा कि नशे की समस्या का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और पूरे समाज का जीवन प्रभावित होता है। ऐसे में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। विशेष रूप से युवाओं एवं किशोरों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास और निरंतर जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments