- अमर शहीद सुनील यादव की पत्नी सरोजा देवी भी सम्मानित, प्रत्येक को प्रशस्ति पत्र के साथ 70 हजार रुपये की पुरस्कार राशि
बिहार । रक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बिहार के तीन लोगों को राष्ट्रीय समता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 'स्टैच्यू ऑफ इक्वलिटी' के बैनर तले आयोजित समारोह में परम पूज्य श्री श्री श्री त्रिदंडी चिन्ना श्रीमन नारायण रामानुज जीयर स्वामी जी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और 70-70 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की।
सम्मानित होने वालों में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनाथ सिंह, डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष एवं सेना मेडल से सम्मानित हरिशंकर सिंह तथा अमर शहीद सुनील यादव की पत्नी सरोजा देवी शामिल हैं।
रामनाथ सिंह को पूर्व सैनिकों के कल्याण, संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, हरिशंकर सिंह को सेना में अदम्य साहस और शौर्य के प्रदर्शन के साथ सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व सैनिकों के हितों के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए यह पुरस्कार मिला।
सरोजा देवी को उनके पति अमर शहीद सुनील यादव के राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान और परिवार के त्याग के सम्मान में पुरस्कृत किया गया।
समारोह के दौरान बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनाथ सिंह और हरिशंकर सिंह ने जीयर स्वामी जी को संघ का प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर रक्षा क्षेत्र में वीरता, बलिदान और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वालों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की पहल की सराहना की गई।
बिहार के तीनों लोगों को मिले इस सम्मान को पूर्व सैनिक परिवारों और समाज के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय बताया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments