Ad Code

29 नवंबर से शुरू होगी पंचकोशी परिक्रमा, पांचों पड़ावों पर सुरक्षा, सफाई और सुविधाओं का होगा पुख्ता इंतजाम


- डीएम साहिला ने की तैयारियों की समीक्षा, पेयजल, बिजली, शौचालय, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

बक्सर । जिले की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान पंचकोशी परिक्रमा मेला के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 29 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले पंचकोशी परिक्रमा मेला की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी आईएएस साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पांचों पड़ावों के समग्र विकास को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में बताया गया कि पंचकोशी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु परंपरागत पांच पड़ावों अहिरौली, नदांव, भभुअर, बड़का नुआंव एवं चरित्रवन में धार्मिक अनुष्ठान और परिक्रमा करेंगे। इस दौरान पंचकोशी परिक्रमा समिति के सदस्यों ने मेले के सुव्यवस्थित आयोजन, धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। डीएम ने इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

डीएम ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पांचों पड़ावों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेला स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मती, संपर्क पथों को मजबूत बनाने और सुगम आवागमन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।




पंचकोशी परिक्रमा की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए पांचों पड़ावों पर आकर्षक प्रवेश एवं निकास द्वार बनाने, स्थलों का सौंदर्यीकरण करने और आधारभूत सुविधाओं का विकास करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को सभी कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।

वहीं, सिविल सर्जन को पांचों पड़ावों पर मेडिकल टीम, प्राथमिक उपचार और जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।

डीएम साहिला ने कहा कि पंचकोशी परिक्रमा बक्सर की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसे सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों के साथ-साथ पांचों पड़ावों के दीर्घकालिक विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu