बक्सर । चीनी मिल स्थित साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल में शुक्रवार को डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें अस्पताल के कर्मचारियों समेत लगभग 50 लोगों ने भाग लिया। शिविर में प्रतिभागियों को सीपीआर के महत्व और आपात स्थिति में इसकी जीवनरक्षक भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि घर, यात्रा, बस या सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति को अचानक कार्डियक अरेस्ट होना गंभीर आपात स्थिति है। ऐसे समय में शुरुआती सहायता और समय पर सीपीआर मिलने से मरीज की जान बचने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में सीपीआर देना आवश्यक होता है।
डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि संस्थान की ओर से समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। प्रयास है कि इस अभियान को प्रत्येक माह जारी रखा जाए, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग आपात परिस्थितियों में किसी की जान बचाने के लिए सक्षम बन सकें। उन्होंने कहा कि सीपीआर की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए, क्योंकि सही समय पर उठाया गया कदम किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
शिविर में अस्पताल के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान चिंता, कृष्णा, बलेश्वर, सनी, सुंदरवास, शांति, रेनू, अफसाना और इंद्रासन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। मौके पर डॉ. मनीष कुमार, डॉ. दिलशाद आलम एवं डॉ. उज्ज्वल उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से सीपीआर एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी जानकारी अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments