बक्सर । जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मिशन ज्ञानार्जन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में मिशन के तहत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी विद्यालयों में मिशन ज्ञानार्जन के उद्देश्यों के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाए। उन्होंने कमजोर शैक्षणिक स्तर वाले विद्यार्थियों को चिह्नित कर उनके लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग और अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उनके सीखने के स्तर में सुधार हो सके। साथ ही संकल्प संध्या से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षण कार्यों की सतत निगरानी करने तथा विद्यालय स्तर पर संचालित गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मिशन ज्ञानार्जन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सीखने की क्षमता, रचनात्मकता, तार्किक सोच और व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी और विद्यालय प्रधान आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments