कृषि कनेक्शन की आड़ में सरकारी नहर के किनारे अवैध रूप से चला रहे थे मोटर, विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। तीनों पर सरकारी नहर के किनारे अवैध रूप से 2 एचपी मोटर चलाकर पानी की निकासी करने और बिजली चोरी करने का आरोप है। विभाग ने तीनों मामलों में कुल 33,292 रुपये की आर्थिक क्षति का आकलन किया है।
विद्युत कनीय अभियंता अजीत कुमार ने राजपुर थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर तीनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था। जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर विद्युत विभाग ने छापेमारी दल का गठन किया। इसमें कनीय विद्युत अभियंता अजीत कुमार के साथ जेएलएम अशोक कुमार और मानवबल जितेंद्र कुमार शामिल थे।
छापेमारी के दौरान देवढ़िया पंचायत के जमौली नहर डेरा में बलिराम चौहान को अपने कृषि विद्युत कनेक्शन से बिना विभागीय अनुमति सरकारी चाट में 2 एचपी मोटर चलाते हुए पकड़ा गया। इस मामले में विद्युत अधिनियम की धारा 138 एवं 135 के तहत लगभग 10 हजार रुपये की क्षति का आकलन किया गया है।
वहीं, लुगरा-सुगरा नहर पर पुल के समीप सरोज चौहान भी अपने कृषि कनेक्शन से बिना अनुमति 2 एचपी मोटर चलाकर पानी की निकासी करते पाए गए। इस मामले में भी विभाग ने लगभग 10 हजार रुपये की क्षति बताई है। जबकि जमौली नहर डेरा में छबिला चौहान के पास कोई वैध विद्युत कनेक्शन नहीं होने के बावजूद 2 एचपी मोटर से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विभाग ने 480 यूनिट अवैध विद्युत खपत के आधार पर 13,292 रुपये की क्षति का आकलन किया है।
कनीय विद्युत अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि बिजली चोरी के लिए एलटी तार जमीन पर बिछाकर विद्युत का उपयोग किया जा रहा था, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वहीं, राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments