- आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को टूल किट और प्रतियोगी परीक्षार्थियों को दी गई स्टडी किट, विधायक आनंद मिश्र ने की पहल की सराहना
बक्सर । युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बक्सर में जिला स्तरीय नियोजन-सह-मार्गदर्शन मेला 2026-27 का आयोजन किया गया। मेले में कुल 28 कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई।
मेले में नौकरी के अवसरों के साथ युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान आईटीआई उत्तीर्ण इलेक्ट्रीशियन एवं फिटर युवाओं को अपना काम शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद के लिए विशेष टूल किट वितरित किए गए। वहीं, बीपीएससी और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री से युक्त स्टडी किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों ने भी भागीदारी की। उन्होंने युवाओं के साथ अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए उन्हें स्वयं का व्यवसाय शुरू करने और रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर बक्सर के विधायक आनंद मिश्र ने सहभागी कंपनियों, स्थानीय उद्यमियों और युवाओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। बक्सर के युवाओं की प्रतिभा को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले, इसके लिए ऐसे आयोजनों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
नियोजन-सह-मार्गदर्शन मेले के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी सुविधाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments