बक्सर । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि पर बक्सर जिले के बड़का ढकाईच गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं ब्रह्मपुर विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी हुलास पांडेय ने कैलाशपति मिश्र के सम्मान और उनकी स्मृति को स्थायी रूप देने से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
हुलास पांडेय ने कैलाशपति मिश्र के नाम पर भव्य स्मारक निर्माण कराने, किसी महत्वपूर्ण स्थल का नामकरण उनके नाम पर करने तथा उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र का राजनीतिक और संगठनात्मक योगदान अविस्मरणीय है। उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। हुलास पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में मौजूद बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।
कार्यक्रम में हुलास पांडेय ने एनडीए की एकजुटता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। पूर्व विधायक दिलमणि देवी द्वारा मंच से टिकट कटने और आश्वासन पूरा नहीं होने को लेकर नाराजगी जाहिर किए जाने पर उन्होंने कहा कि एनडीए में किसी तरह की खटास नहीं है। दिलमणि देवी के मन में चुनाव लड़ने को लेकर कुछ बातें थीं। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि का कार्यक्रम राजनीतिक चर्चा का मंच नहीं है। ऐसे अवसर पर जिले के गौरव और महान विभूति कैलाशपति मिश्र के योगदान को याद किया जाना चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन देवी सहित कई नेताओं ने कैलाशपति मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments