Ad Code

बक्सर में हादसों का कहर: NH-922 पर बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर, गोलंबर पर भी हादसा; स्टेशन पर ट्रेन से गिरा यात्री



- NH-922 पर हादसों का सिलसिला जारी, चुरामनपुर में बाइक सवार दो युवक गंभीर

- चुरामनपुर नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा, गोलंबर पर अज्ञात वाहन की चपेट में आया युवक; स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर यात्री घायल

बक्सर । जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन स्थानों पर लोग दुर्घटनाओं के शिकार हुए। आरा-बक्सर फोरलेन (NH-922) पर चुरामनपुर के पास बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बक्सर गोलंबर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। इसके अलावा बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एक यात्री जख्मी हो गया।


चुरामनपुर में बाइक दुर्घटना, दो युवक गंभीर :

पहली घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुई। यहां बाइक सवार दो लोग सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी राजाबाबू, पिता चंद्रिका राम, और दुल्लहपुर गांव निवासी नीलेश पांडेय, पिता रघुनाथ पांडेय, के रूप में हुई है। दोनों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटनाग्रस्त बाइक का पंजीकरण नंबर BR 44X 4898 है। पंजीकरण संबंधी जानकारी के अनुसार, बाइक दुल्लहपुर गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी शिवकांत सिंह की पुत्री सालोनी कुमारी के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। औद्योगिक थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।



गोलंबर के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर :

दूसरी घटना बक्सर गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र निवासी सुजीत चौरसिया (27 वर्ष) घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसला पैर :

तीसरी घटना सोमवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर हुई। नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट निवासी धर्मेंद्र गोंड, पिता छोटक गोंड, ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से घायल हो गए। उनका इलाज जारी है। स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सावधानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu