102 साल पुरानी परंपरा के बीच साक्षरता भवन पर दूसरा ताला लगाने से बढ़ा विवाद, ईओ बोलीं- मैं सनातन विरोधी नहीं, सार्वजनिक कार्य के लिए जाना चाहती थी अंदर
बक्सर । चौसा नगर पंचायत के चौसा बाजार स्थित साक्षरता भवन सह रामलीला मंच पर कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी द्वारा दूसरा ताला लगाए जाने से विवाद गहरा गया। रामलीला के बीच हुई इस कार्रवाई से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी की और ईओ को मौके पर बुलाकर माफी मांगने की मांग की। दुर्गापूजा के माहौल में इस घटना से तनाव की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, चौसा में वर्ष 1925 से रामलीला का आयोजन होता आ रहा है। इस बार पांच दिनों का मंचन पूरा हो चुका है, जबकि चार दिन का आयोजन बाकी है। लोगों ने सवाल उठाया कि वर्षों पुरानी परंपरा के बीच तालाबंदी की जरूरत क्यों पड़ी और यह कार्रवाई किसके आदेश पर हुई?
हंगामे की सूचना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूर्व मुखिया बृज बिहारी सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया। नगर पंचायत कर्मियों और पुलिस के ताला खुलवाने पहुंचने के बावजूद लोग ईओ को बुलाने और माफी की मांग पर अड़े रहे।
पूर्व मुखिया बृज बिहारी सिंह ने रामलीला को चौसा की पहचान बताते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए। उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज और स्थानीय निवासी धनजी तिवारी ने भी तालाबंदी से पहले आयोजकों व जनप्रतिनिधियों से बातचीत नहीं करने पर नाराजगी जताई। अभिमन्यु सिंह कुशवाहा ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कार्रवाई बताया।
ईओ की सफाई: कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि वह सनातन विरोधी नहीं हैं। उनके अनुसार, भवन साक्षरता भवन है और सार्वजनिक उपयोग के लिए है। पास के सार्वजनिक शौचालय में काम कराया जाना है। निरीक्षण के दौरान चाबी नहीं मिलने पर उन्होंने दूसरा ताला लगाया था। विवाद के बाद उन्होंने कर्मी को ताला खोलने के लिए भेज दिया।
अब सवाल यह है कि सार्वजनिक भवन में काम कराने के लिए तालाबंदी से पहले आयोजकों से समन्वय क्यों नहीं किया गया? एक ओर प्रशासन इसे सार्वजनिक कार्य से जुड़ा मामला बता रहा है, तो दूसरी ओर स्थानीय लोग इसे 102 साल पुरानी परंपरा और जनभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments