महिला से कथित अभद्र व्यवहार को हत्या की वजह मान रही पुलिस, पौने दो बीघा जमीन के विवाद की अब तक पुष्टि नहीं
बक्सर । डुमरांव थाना क्षेत्र के सम्हार-महरौरा मार्ग पर मुलायम सिंह यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है। दोनों आरोपित मृतक के गांव सम्हार के ही निवासी हैं। मंगलवार को डुमरांव के प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सम्हार गांव निवासी सोनम कुमार उर्फ मल्लु, पिता धर्मेंद्र यादव, और प्रतीक यादव उर्फ पिंटू, पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, के रूप में हुई है।
महिला से विवाद हत्या की वजह होने का संदेह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस तरह बढ़ा और हत्या की साजिश कैसे रची गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
जमीन विवाद के आरोपों की पुष्टि नहीं
हत्याकांड के बाद मृतक के पिता उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव ने पैतृक संपत्ति की करीब पौने दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। हालांकि, प्रभारी डीएसपी के अनुसार, प्राथमिकी में जमीन विवाद को लेकर लगाए गए आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments