Ad Code

दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, DM-SP ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण


सिपाही घाट से किला मैदान तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन पर दिया जोर

बक्सर । दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। सोमवार को जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने सिपाही घाट, मठिया मोड़, ज्योति चौक, खलासी मुहल्ला और किला मैदान सहित विभिन्न पूजा स्थलों का दौरा किया। अधिकारियों ने पूजा पंडालों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन और आवागमन की स्थिति का आकलन किया। साथ ही पूजा समितियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पर्व के दौरान संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर जोर दिया।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा पूजा स्थलों पर सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी तरह की परेशानी न हो और आम नागरिकों का आवागमन भी सुचारु बना रहे।



अधिकारियों ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया। विधि-व्यवस्था संधारण के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने की शांति बनाए रखने की अपील

संयुक्त निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋतिक सिंह, नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्व की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu