आईटीआई रोड स्थित जेल पईन रोड में लगा मेला, नवरात्रि से छठ तक उठाएं मनोरंजन और खरीदारी का आनंद
बक्सर । दशहरा और नवरात्रि के अवसर पर शहर के आईटीआई रोड स्थित जेल पईन रोड में शुक्रवार को डिज्नीलैंड मेले का शुभारंभ हुआ। बक्सर नगर परिषद की चेयरमैन कमरून निशा, वार्ड संख्या पांच के पार्षद दीपक सिंह, मेले के प्रोपराइटर डब्बू जी, हरि दुबे, पवन दुबे और किस्मत यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
इस बार मेले में बच्चों, युवाओं और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई आकर्षक झूले लगाए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, मेले का मुख्य आकर्षण छिपकली झूला होगा। उनका दावा है कि इस तरह के झूले का आनंद बिहार में पहली बार उठाया जा सकेगा। इसके अलावा टावर झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन, मिकी माउस, नाव झूला और भूत बंगला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मेले में मनोरंजन के साथ खरीदारी के लिए मीना बाजार भी सजाया गया है। यहां विभिन्न प्रकार की आकर्षक वस्तुओं की खरीदारी की जा सकेगी। वहीं, खाने-पीने के शौकीनों के लिए अलग-अलग व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इस तरह मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मनोरंजन और खरीदारी की व्यवस्था की गई है।
आयोजकों ने बताया कि नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए मेले की विशेष तैयारी की गई है। मेला प्रतिदिन दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक चलेगा। नवरात्रि से लेकर दीपावली और छठ पूजा तक इसका आयोजन जारी रहेगा। इस दौरान बक्सर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग परिवार के साथ पहुंचकर मेले का आनंद ले सकेंगे।
मेले के शुभारंभ के अवसर पर आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और मेले में उपलब्ध मनोरंजन सुविधाओं का आनंद लेने की अपील की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments