Ad Code

दानापुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर लग रहे चार रंगों के डस्टबिन, यात्रियों को किया जा रहा जागरूक


बक्सर । रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दानापुर मंडल की ओर से विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए हरे, नीले, लाल और काले रंग के डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।


एक से 15 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा और दो से 31 अक्टूबर तक संचालित विशेष अभियान-6.0 के तहत मंडल में कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से रेल परिसर, ट्रेनों और कार्यालयों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ यात्रियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।



अभियान के तहत स्टेशनों के जन उद्घोषणा तंत्र से यात्रियों को पटरियों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की जा रही है। वहीं, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण की जानकारी दी जा रही है। यात्रियों को सही डस्टबिन में कचरा डालने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी ट्रेनों में ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ (ओबीएचएस) और प्लेटफॉर्म पर सफाई मित्रों को सौंपी गई है।

इसके अलावा, स्टेशनों पर संचालित फूड स्टॉल, आईआरसीटीसी के रेस्तरां और जन आहार केंद्रों को अपने यहां निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने का निर्देश दिया गया है।

दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu