विंध्याचल । नवरात्रि मेले में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधा के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मेले के दौरान 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर 10 जोड़ी ट्रेनों को दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इससे विभिन्न शहरों से विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। निर्धारित अवधि में संबंधित ट्रेनें विंध्याचल स्टेशन पर निर्धारित समय के अनुसार रुकेंगी और दो मिनट बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी।
इन ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
अस्थायी ठहराव पाने वाली ट्रेनों में लोकमान्य तिलक-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (12141/12142), संघमित्रा एक्सप्रेस (12295/12296), सीमांचल एक्सप्रेस (12487/12488), लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15945/15946), लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15647/15648), भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (12335/12336), हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस (12307/12308), हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस (22307/22308), पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801/12802) और ब्रह्मपुत्र मेल (15657/15658) शामिल हैं।
यह रहेगा ट्रेनों का समय
रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के मुताबिक, लोकमान्य तिलक-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस रात 10:30 बजे और वापसी दिशा में शाम 4:05 बजे विंध्याचल पहुंचेगी। संघमित्रा एक्सप्रेस का ठहराव रात 12:35 बजे और रात 1:40 बजे निर्धारित किया गया है। सीमांचल एक्सप्रेस सुबह 10:40 बजे तथा शाम 6 बजे स्टेशन पर रुकेगी।
लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ और लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी एक्सप्रेस सुबह 5:50 बजे, जबकि इनकी विपरीत दिशा की ट्रेनें शाम 7:05 बजे विंध्याचल पहुंचेंगी। भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस शाम 7:05 बजे और लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस सुबह 5:50 बजे रुकेगी।
इसी तरह हावड़ा-जोधपुर और हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस सुबह 11:03 बजे तथा वापसी दिशा की ट्रेनें शाम 4:35 बजे ठहरेंगी। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पुरी से आनंद विहार की दिशा में शाम 6:15 बजे और वापसी दिशा में सुबह 7:56 बजे पहुंचेगी। ब्रह्मपुत्र मेल का दिल्ली-कामाख्या मार्ग पर सुबह 8:58 बजे तथा कामाख्या-दिल्ली मार्ग पर शाम 5:48 बजे ठहराव होगा।
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन के समय की पुष्टि कर लें। यह अस्थायी व्यवस्था नवरात्रि मेले की अवधि में यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...




















0 Comments