राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में 18वीं युवा संसद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका के लिए मिला पुरस्कार, इससे पहले प्रधानमंत्री की भूमिका में भी हासिल कर चुके हैं प्रथम स्थान
बक्सर । राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित युवा संसद में बक्सर के लाल पवन उपाध्याय ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के बावनबांध गांव निवासी पवन ने राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित 18वीं युवा संसद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका के लिए प्रथम पुरस्कार हासिल किया है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में यह उनकी दूसरी बड़ी उपलब्धि है। उनकी सफलता से गांव सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
पवन उपाध्याय वर्तमान में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में हिंदी विषय के शोधार्थी हैं। इससे पहले महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा में विद्यार्थी रहते हुए उन्होंने युवा संसद में प्रधानमंत्री की भूमिका निभाई थी और प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया था। अब दूसरी बार अलग-अलग भूमिकाओं में प्रथम पुरस्कार हासिल कर उन्होंने अपनी संसदीय समझ, वक्तृत्व कला और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।
लोकतंत्र की खूबसूरती है पक्ष-विपक्ष की भूमिका
अपनी उपलब्धि पर पवन उपाध्याय ने कहा कि अवसर व्यक्ति को अनुभव प्रदान करते हैं। भारतीय लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष, दोनों की मौजूदगी उसकी खूबसूरती है। उन्होंने अपने व्यक्तित्व और वैचारिक विकास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, संगठन से मिले अनुशासन, विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी और अवसरों ने उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा उत्तरदायित्वबोध को मजबूत किया।
मां के संकल्प को साकार करने का सफर
पवन ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां के दृढ़ संकल्प को देते हुए उनकी भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गांव से केंद्रीय विश्वविद्यालय तक की उनकी शैक्षणिक यात्रा मां के संकल्प को साकार करने की यात्रा है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरी बार प्रथम पुरस्कार हासिल करना पवन की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनकी उपलब्धि न केवल बक्सर जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments