Ad Code

नियाजीपुर में अंतरराज्यीय घोड़ा दौड़ का रोमांच, राजधानी एक्सप्रेस ने जीती शील्ड




महावीर पूजा समिति ट्रस्ट के त्रिदिवसीय महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ, करीब 70 घोड़ों ने लिया हिस्सा; हजारों दर्शकों की उमड़ी भीड़

बक्सर । महावीर पूजा समिति ट्रस्ट, नियाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय महोत्सव-2026 का शनिवार को अंतरराज्यीय घोड़ा दौड़ शील्ड प्रतियोगिता के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से करीब 70 घोड़े अपने घुड़सवारों और मालिकों के साथ पहुंचे। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक जुटे। वीर हनुमान के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद सदस्य सोनू कुमार राय तथा महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कांत सिंह शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और हनुमान आराधना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद अतिथियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और हरी झंडी दिखाकर घोड़ा दौड़ शुरू कराई।




चार श्रेणियों में हुए रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता को पठ्ठा घोड़ा दौड़, नाकंद घोड़ा दौड़, दो दांत घोड़ा दौड़ और घोड़ी दौड़ सहित चार श्रेणियों में बांटा गया था। अलग-अलग समूहों में आयोजित मुकाबलों में घोड़ों की गति, चाल और प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित किया।

घोड़ी दौड़ में एकौना के हरेराम सिंह ने प्रथम, लालजी यादव ने द्वितीय और मुन्ना सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नाकंद घोड़ा दौड़ में नारायणपुर के विकी सिंह प्रथम, केशोपुर के छोटू मिश्रा द्वितीय और पिंटू सिंह तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, दो दांत घोड़ा दौड़ में पुतुल चौबे ने प्रथम, मोतिहारी के फरहान खान ने द्वितीय और सोनकीसुहिया के मुन्ना पांडेय ने तृतीय स्थान हासिल किया।

राजधानी एक्सप्रेस ने मारी बाजी

प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मुकाबला फाइनल रेस रहा। सेमीफाइनल के बाद चयनित घोड़ों के बीच आयोजित फाइनल में प्रतिभागियों को मैदान के छह चक्कर लगाने थे। इसमें पटना के बिटु यादव के घोड़े राजधानी एक्सप्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। बक्सर के योगीन्द्र ठाकुर का घोड़ा बक्सर एक्सप्रेस दूसरे स्थान पर रहा, जबकि बक्सर के अजय सिंह का घोड़ा तीसरे स्थान पर रहा। विजेताओं को शील्ड और कप प्रदान कर सम्मानित किया गया।




निष्पक्षता के लिए तैनात रहे निर्णायक

प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मैदान के प्रत्येक कोने पर दो-दो निर्णायकों की तैनाती की गई थी। घोड़ों की चाल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इरगा और सिंधी चाल सहित निर्धारित मानकों के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। नियमों के विपरीत सरपट दौड़ने अथवा फलांग लगाने वाले घोड़ों को अयोग्य घोषित करने का प्रावधान था। निर्णायकों के निर्णयों का मिलान करने के बाद अंतिम परिणाम घोषित किए गए।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार पाठक ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष हृदयानंद पाठक, सचिव रविशंकर पाठक, डॉ. नवीन शंकर पाठक, अभय शंकर पाठक, लक्ष्मण ठाकुर, मनबोध पाठक, परशुराम पाठक, अवध पाठक, त्रिलोकी नाथ पाठक, सुरेंद्र पाठक, डॉ. धनजी पाठक, शंभूनाथ पाठक, परमा साहनी, जगनारायण यादव, प्रेम शंकर पाठक, आर्यन शंकर पाठक, शंभू खरवार, मुकेश कुमार पाठक, सुभाष राय, रुदल राय सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महोत्सव के पहले दिन की भव्य शुरुआत से नियाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल रहा। पारंपरिक खेल, धार्मिक आस्था और सामुदायिक सहभागिता से सजे इस आयोजन ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसे व्यापक पहचान दिलाने की पहल को मजबूती दी।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu