बक्सर । चौसा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति के तत्वावधान में स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने अनशन कर रेलवे प्रशासन से यात्रियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। रेलवे अधिकारियों की ओर से सकारात्मक पहल का आश्वासन मिलने के बाद अनशन समाप्त कर दिया गया।
समिति के अध्यक्ष एवं बक्सर के पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौसा रेलवे स्टेशन हजारों यात्रियों के आवागमन का प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद आवश्यक सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह आंदोलन शुरू किया गया है।
कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग
समिति ने ट्रेन संख्या 03287/03288 बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर के दोनों दिशाओं में ठहराव की मांग की। इसके अलावा श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर मेल, मगध एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस का चौसा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट, डिलक्स शौचालय, वातानुकूलित रिटायरिंग रूम, वाटर कूलर और कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ अनशन
आंदोलन के दौरान दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम और डिविजनल ऑपरेशनल मैनेजर की ओर से बक्सर के ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पांडेय, चौसा स्टेशन प्रबंधक वसीम खान और आरपीएफ के दरोगा दिलीप कुमार ओझा ने समिति की मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की पहल की। वरीय अधिकारियों की ओर से मांगों पर सकारात्मक विचार करने और समस्याओं के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इसके बाद स्टेशन प्रबंधक वसीम खान, ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पांडेय और आरपीएफ दरोगा दिलीप कुमार ओझा ने संयुक्त रूप से अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। समिति ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की, लेकिन स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उसकी नजर रेलवे प्रशासन के कदमों पर बनी रहेगी। आश्वासन के अनुरूप पहल नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
कार्यक्रम में विश्वजीत कुमार उपाध्याय, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, कैप्टन अशोक यादव, आनंद रावत, भरत पांडेय, रामलखन पाल, सुनील कुमार सिंह, अश्वनी कुमार वर्मा, उदय सर, विजय कुमार धूसिया, जगजीवन राम, मिरहमजा खान, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, अशोक राम, इम्तियाज रजक, अमित चौधरी, सुधीर कुमार मालाकार, रामचंद्र मालाकार, शिवशंकर राम और गोविंद खरवार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments