बक्सर । मंगलवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अस्पताल की आधारभूत संरचना और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सदर अस्पताल भवन के रंग-रोगन, परिसर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, मरीजों एवं उनके परिजनों को सरकारी योजनाओं तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक तल पर टीवी डिस्प्ले लगाने, अतिरिक्त स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की व्यवस्था तथा अस्पताल परिसर में डिजिटल साइनेज स्थापित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
रोगी कल्याण समिति के सदस्य एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश मिश्रा ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर जोर दिया।
बैठक में कचरा संग्रहण स्थल के निर्माण एवं दैनिक कचरा उठाव, सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत, दवाओं के सुरक्षित रख-रखाव के लिए अतिरिक्त स्थान का चयन तथा दवा वितरण केंद्र की मरम्मत की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा SNCU में भर्ती मरीजों के अभिभावकों की सुविधा के लिए शेड निर्माण तथा अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहरी क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कर पार्किंग स्थल विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
अस्पताल की विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा से संबंधित कार्य, ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत और रक्त केंद्र से जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
बैठक में चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments