बक्सर । जिले के नावानगर प्रखंड मुख्यालय में विभिन्न जनसमस्याओं एवं प्रखंड स्तर पर कथित अनियमितताओं के खिलाफ जिला परिषद सदस्य डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना के बाद मुख्यमंत्री के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी, नावानगर के माध्यम से 18 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब एवं वंचित परिवारों की पुनः समीक्षा कर पात्र लोगों के नाम जोड़ने, दाखिल-खारिज, परिमार्जन तथा खाता-खेसरा संबंधी त्रुटियों में सुधार की मांग की गई है। इसके अलावा जल-नल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, खराब चापाकलों की मरम्मत एवं दलित-महादलित बस्तियों में नए चापाकल लगाने, जाति, आय एवं आवास प्रमाण पत्र समय पर निर्गत करने तथा पेंशन से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच कर समय पर भुगतान की मांग उठाई गई।
डॉ. राजीव कुमार ने भूमिहीनों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने, सरकारी जमीन को कथित भू-माफियाओं के अवैध कब्जे से मुक्त कराने और जनप्रतिनिधियों की अनुशंसित जनहित की योजनाओं को शीघ्र एनओसी देने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों एवं ग्रामीणों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति, जर्जर 33 हजार, 11 हजार एवं एलटी तारों को बदलने, ग्रामीण सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा विवादित भूमि की शीघ्र मापी कराने की मांग भी शामिल है।
इसके अलावा चुनाव प्रणाली में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार, NEET परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा, प्रखंड में दलालों एवं भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रखंड एवं पंचायत मुख्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
डॉ. राजीव कुमार ने कड़सर, सोनवर्षा एवं बेलाव के राजस्व कर्मचारी सुधीर कुमार के पंचायत कार्यालय से कथित तौर पर नियमित अनुपस्थित रहने और बिना पैसे काम नहीं करने संबंधी शिकायतों की मोबाइल लोकेशन एवं अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में की है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के लिए प्रशासन को इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments