Ad Code

एमवी कॉलेज में एआई और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग पर विशेष सेमिनार, विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण


बक्सर । महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के बीसीए विभाग की ओर से सोमवार को ‘एआई ओरिएंटेशन एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें NexusAI के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और इसके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी।


कार्यक्रम में NexusAI के सीटीओ पीयूष पांडेय और सीईओ प्रवीण पांडेय मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब केवल तकनीक नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कौशल बन चुका है। विद्यार्थियों से एआई के प्रभावी, रचनात्मक और जिम्मेदार उपयोग को सीखने का आह्वान किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कृष्ण कांत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में ज्ञान सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ नई तकनीकों का ज्ञान हासिल करने और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों एवं अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करने की प्रेरणा दी।

बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. सैकत देबनाथ ने प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग को जेनरेटिव एआई के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने की महत्वपूर्ण तकनीक बताया। उन्होंने एआई के विकास के इतिहास पर चर्चा करते हुए चर्चित शोध-पत्र ‘Attention Is All You Need’ का भी उल्लेख किया।





NexusAI के सीटीओ पीयूष पांडेय ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग की बारीकियां समझाईं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट और प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने, आवश्यक निर्देश देने तथा एआई से बेहतर और सटीक परिणाम प्राप्त करने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।

करीब दो घंटे चले सेमिनार में बीसीए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने एआई और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को इस उभरते तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में शिवम भारद्वाज का सहयोग रहा। इस अवसर पर अरुण कुमार ओझा, मधुसूदन जलवासी, यथार्थ राज सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने और भविष्य के रोजगार एवं तकनीकी क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu