Ad Code

बक्सर में तेजस्विनी युवती सम्मेलन: छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संदेश



- अभाविप के आयोजन में महिला सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता पर मंथन; नगर थाना की एसआई शुभम कुमारी ने बताए सुरक्षा और कानूनी अधिकार

बक्सर । छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बक्सर नगर इकाई ने शुक्रवार को महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के मानस सभागार में तेजस्विनी युवती सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में नारी सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक दायित्वों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने छात्राओं से अपनी प्रतिभा पहचानने, चुनौतियों का डटकर सामना करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमानी कुमारी ने की, जबकि संचालन अभिज्ञा मिश्रा ने किया। मुख्य अतिथि वर्षा पांडेय, विशिष्ट अतिथि नगर थाना बक्सर की सहायक अवर निरीक्षक शुभम कुमारी और प्रो. डॉ. अर्चना राय ने छात्राओं को संबोधित किया।



लक्ष्य के प्रति समर्पण और अनुशासन से मिलेगी सफलता : वर्षा पांडेय

मुख्य अतिथि वर्षा पांडेय ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। छात्राओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए हर परिस्थिति में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवतियां परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति की भी महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर युवतियां ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने पंच परिवर्तन के विभिन्न आयामों की चर्चा करते हुए सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी के प्रति जागरूकता, नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन और परिवार एवं समाज में सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही छात्राओं से सामाजिक कुरीतियों और अन्याय के विरुद्ध निडर होकर आवाज उठाने तथा राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील की।

अधिकारों के प्रति जागरूक रहें युवतियां : शुभम कुमारी

नगर थाना की अवर निरीक्षक शुभम कुमारी ने कहा कि प्रत्येक युवती को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी होनी चाहिए। आत्मविश्वास, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के बल पर छात्राएं जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकती हैं।

महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने छात्राओं को किसी भी असहज परिस्थिति में उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और करियर के साथ अपनी सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी रखना भी जरूरी है। इस दौरान उन्होंने जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए अपना संपर्क सूत्र भी साझा किया।

शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर हैं सशक्तिकरण के आधार : डॉ. अर्चना राय

प्रो. डॉ. अर्चना राय ने कहा कि महिलाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ही नारी सशक्तिकरण नहीं है। वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, समान अवसर, सम्मान और अपने अधिकारों की पूरी जानकारी मिले।




उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के माध्यम से ज्ञान और कौशल विकसित करने तथा सामाजिक चुनौतियों के समाधान में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मसम्मान बनाए रखना, अधिकारों के प्रति सजग रहना और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना बेहद जरूरी है। युवतियों को आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और अनुकूल वातावरण मिले, तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं।

बड़ी संख्या में शामिल हुईं छात्राएं

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि आज युवतियां शिक्षा, प्रशासन, खेल, विज्ञान, सामाजिक सेवा और नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। ऐसे आयोजनों से छात्राओं को अपने विचार साझा करने, नई प्रेरणा प्राप्त करने और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में बेबी कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विभाग संयोजक अविनाश पांडेय, जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा, खेलो भारत के प्रांत सह-संयोजक मनीष सिंह, विराज सिंह, प्रियांशु शुभम, राहुल कुमार, अभिषेक गुप्ता, ऋषि नंदन दुबे, संजीत यादव, आदित्य सिंह, नंदन कुमार, दिव्यांशु मिश्रा, प्रभास चौबे, शुभांकित पांडेय, दीपक कुमार, वैभव श्रीवास्तव सहित अभाविप के सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu