Ad Code

चौसा रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क बदहाल, मरम्मत की मांग को लेकर डीएम से मिले विकास राज


- बजरंग मोड़ ओवरब्रिज के समीप सर्विस रोड निर्माण में देरी से बढ़ी परेशानी, जल्द काम पूरा कराने के लिए सौंपा ज्ञापन

बक्सर । चौसा रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति और सर्विस रोड निर्माण में हो रही देरी को लेकर नगर पंचायत चौसा के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने जिला पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, निर्माण कार्य में तेजी लाने और आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत दिलाने की मांग की।


बक्सर-सासाराम मुख्य पथ पर बजरंग मोड़ ओवरब्रिज के समीप रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग की स्थिति काफी खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलजमाव के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बदहाल सड़क के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।

विकास राज ने ज्ञापन के माध्यम से जिला पदाधिकारी को बताया कि यह मार्ग रेल यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सर्विस रोड का निर्माण अधूरा रहने से लोगों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।




उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी को निर्देश देकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। साथ ही, निर्माण में देरी के कारणों की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

विकास राज ने यह भी मांग की कि निर्माण कार्य पूरा होने तक सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए और कीचड़ एवं जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए तत्काल आवश्यक व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन जाने वाला यह प्रमुख मार्ग क्षेत्र की जनता की दैनिक जरूरतों से जुड़ा है। ऐसे में इसकी बदहाली को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर चौसा की जनता को राहत दिलाने की अपील की।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu