Ad Code

बक्सर में 16 लाख की विदेशी शराब जब्त, चप्पल के कार्टन की आड़ में चल रही थी तस्करी


- वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा निर्मित 1332 लीटर शराब के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार

बक्सर । बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब की खेप पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया। उत्तर प्रदेश के नंबर वाले मिनी आयशर ट्रक से हरियाणा निर्मित 1332 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। 


जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। तस्करों ने शराब की पेटियों को चप्पल के कार्टन की आड़ में छिपा रखा था।

उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध मिनी आयशर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान चप्पल के कार्टन के पीछे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की 148 पेटियां बरामद हुईं।


तीन ब्रांड की शराब बरामद

जब्त शराब में ब्लेंडर्स प्राइड की नौ पेटियां, रॉयल स्टैग की 60 पेटियां और रॉयल ग्रीन व्हिस्की की 79 पेटियां शामिल हैं। इन सभी की कुल मात्रा 1332 लीटर बताई गई है। शराब के साथ ट्रक को जब्त कर लिया गया और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के चौरन्न खेड़ा निवासी रतना सिंह के पुत्र सुरेंद्र सिंह राणा के रूप में हुई है।

चेकपोस्ट प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि यह कार्रवाई चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार और सहायक अवर निरीक्षक शंकर कुमार मंडल के नेतृत्व में की गई। उन्होंने बताया कि शराब तस्करी के विरुद्ध विभाग की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस और उत्पाद विभाग की निगरानी के बीच शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होना तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की अहम कड़ी माना जा रहा है। मामले में गिरफ्तार चालक से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu