- मोटे अनाजों के बीजों और औषधीय पौधों के संरक्षण व संवर्धन में योगदान के लिए मिला सम्मान, बिहार के छह चयनित लोगों में एकमात्र महिला
बक्सर । जिले के उमरपुर गांव के लिए गर्व की बात है कि गांव की पुत्रवधू डॉ. श्वेता राय को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बिहार कृषि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। पटना स्थित लोक भवन में आयोजित ‘किसान सम्मान एवं किसान सहयोग विमर्श’ कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
‘विकसित भारत @2047—कृषि: आत्मनिर्भरता से उद्यमिता की ओर’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आर्ट्स के राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख रामलाल उपस्थित रहे। बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित अन्य प्रमुख लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डॉ. श्वेता राय को बिहार में उन्नत कृषि के विकास तथा मोटे अनाजों के बीजों और औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान के लिए पूरे बिहार से छह लोगों का चयन किया गया, जिनमें डॉ. श्वेता राय एकमात्र महिला हैं।
डॉ. श्वेता राय उमरपुर निवासी डॉ. दिनेश राय की पुत्रवधू और स्व. पंडित अवध बिहारी राय की पौत्रवधू हैं। उनके पिता स्व. लाल बहादुर राय और माता डॉ. कमला राय हैं। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा और पीएचडी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से पूरी की। प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रहीं डॉ. श्वेता ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ कृषि क्षेत्र में भी योगदान दिया है। उन्हें पहले भी विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. श्वेता राय को मिले इस सम्मान से उमरपुर गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय है और इससे कृषि क्षेत्र में नवाचार तथा उन्नत खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों को पहचान मिली है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments