Ad Code

कालिया नाग के अहंकार का हुआ मर्दन, अहिल्या उद्धार से गंगा पार तक सजी रामलीला


बक्सर । श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में ऐतिहासिक किला मैदान स्थित विशाल रामलीला मंच पर चल रहे 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव में गुरुवार को दिन में श्रीकृष्ण लीला और देर रात रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्रीधाम वृंदावन से पधारे श्री बाल कृष्ण रासलीला एवं रामलीला मंडल के कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को देर रात तक भक्तिरस में डुबोए रखा।



दिन की श्रीकृष्ण लीला में कालिया नाग नाथन का मनोहारी मंचन किया गया। लीला में दिखाया गया कि कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था और उसके आतंक से गोकुलवासी भयभीत थे। गोकुलवासियों को भयमुक्त करने और यमुना को विषमुक्त करने के लिए श्रीकृष्ण यमुना में प्रवेश करते हैं। कालिया नाग ने भगवान श्रीकृष्ण को अपने फनों से घेर लिया, लेकिन भगवान उसके बंधन से मुक्त होकर उसके फनों पर नृत्य करने लगे और उसके अहंकार को चूर कर दिया।

कालिया नाग की पत्नियों द्वारा भगवान से प्रार्थना किए जाने पर श्रीकृष्ण ने उसे क्षमा कर यमुना छोड़कर समुद्र में चले जाने का आदेश दिया। इस प्रसंग के माध्यम से अहंकार और अत्याचार पर धर्म एवं ईश्वर की विजय का संदेश दिया गया।

वहीं देर रात रामलीला में अहिल्या उद्धार का अत्यंत मार्मिक प्रसंग मंचित हुआ। महर्षि विश्वामित्र के साथ बक्सर से मिथिला की ओर जाते समय भगवान श्रीराम और लक्ष्मण अहिरौली स्थित एक निर्जन आश्रम पहुंचे, जहां शाप के कारण पत्थर रूप में पड़ी अहिल्या का भगवान श्रीराम ने अपने चरण-स्पर्श से उद्धार किया। शापमुक्त होकर अहिल्या अपने दिव्य स्वरूप में प्रकट हुईं और भगवान श्रीराम की स्तुति की।



इसके बाद भगवान श्रीराम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ गंगा तट पहुंचे और गंगा का स्मरण करते हुए आगे की यात्रा पर निकल पड़े। गंगा पार करने के बाद वे जनकपुर पहुंचे, जहां राजा जनक के बगीचे के माली ने उन्हें विश्वामित्र के साथ आने की सूचना राजा जनक को दी। राजा जनक ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और महर्षि विश्वामित्र का स्वागत कर उन्हें सुंदर सदन में ठहराया और उनका सत्कार किया।

इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण ने जनकपुर का नगर भ्रमण किया। नगर की सुंदरता और श्रीराम के मनोहारी स्वरूप को देखकर वहां की महिलाएं झरोखों से उन्हें निहारती नजर आईं। नगर दर्शन के बाद दोनों भाई अपने गुरुदेव के पास लौटे। महर्षि विश्वामित्र ने पूजा के लिए पुष्प लाने को कहा, जिसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण पुष्प वाटिका पहुंचे। यहीं भगवान श्रीराम और माता सीता का प्रथम मिलन हुआ। इस प्रसंग के भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

मंचन के दौरान कलाकारों के सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवाद, भक्ति संगीत और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। पूरे परिसर में ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष गूंजते रहे और किला मैदान का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu