Ad Code

70 की उम्र में पानी में तूफान! बक्सर के कैप्टन बिजेंद्र सिंह ने 2nd एशियन मास्टर्स चैंपियनशिप में विदेशी तैराकों को पछाड़कर जीता गोल्ड मेडल


बक्सर । उम्र के 70वें पड़ाव पर भी जुनून और हौसले की रफ्तार कम नहीं हुई। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड के सपही गांव निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन बिजेंद्र सिंह ने बेंगलुरु में आयोजित दूसरी एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने 100 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर बिहार और देश का नाम रोशन किया।

बेंगलुरु के पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में 4 से 10 अक्टूबर तक आयोजित हो रही इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत सहित विभिन्न देशों के करीब 1300 से 1800 मास्टर्स तैराक हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 25 वर्ष से लेकर 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के तैराक अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर कैप्टन बिजेंद्र सिंह ने अपनी उम्र को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।



कैप्टन बिजेंद्र सिंह का तैराकी करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। भारतीय सेना में सेवा देने के दौरान भी उन्होंने तैराकी के क्षेत्र में देश का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1986 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। खेल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए भारतीय सेना ने वर्ष 1987 में उन्हें विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया था।

सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका खेल के प्रति जुनून जारी है। वह अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 400 से अधिक पदक जीत चुके हैं। हाल ही में सितंबर 2026 में हरियाणा में आयोजित 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में भी उन्होंने चार स्वर्ण पदक हासिल किए थे।



खिलाड़ी के रूप में शानदार उपलब्धियों के बाद कैप्टन बिजेंद्र सिंह अब नई पीढ़ी के तैराकों को तैयार करने में जुटे हैं। वह वर्तमान में बिहार तैराकी संघ के मुख्य प्रशिक्षक हैं और अब तक 300 से अधिक युवाओं को तैराकी का प्रशिक्षण दे चुके हैं। उन्हें खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए भी तैराकी प्रशिक्षक की जिम्मेदारी दी जा चुकी है। साथ ही वह बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

सपही गांव से निकलकर भारतीय सेना में सेवा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक और अब नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने तक कैप्टन बिजेंद्र सिंह का सफर बक्सर और बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उनका यह स्वर्णिम प्रदर्शन एक बार फिर संदेश देता है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu