Ad Code

बिजली विभाग के खिलाफ डुमरांव में फूटा आक्रोश, पुतला फूंक जताया विरोध,एसडीओ-जेई पर कार्रवाई की मांग


बक्सर । डुमरांव एवं कोरानसराय विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोपों को लेकर बुधवार को डुमरांव में आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में समाजसेवी मोनू सिंह भी शामिल रहे। उन्होंने भी उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोरानसराय विद्युत सब-डिवीजन के एसडीओ अर्जुन राय और जेई अमित राय के व्यवहार को लेकर पिछले कुछ दिनों से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। आरोप है कि विभागीय कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा कई मामलों में अनावश्यक दबाव बनाया जाता है।



इसी क्रम में बीते दिनों डुमराँव निवासी विनोद पासवान अपने एक रिश्तेदार के साथ नया बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यालय में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनके साथ कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।

पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली विभाग आम उपभोक्ताओं को बिजली सेवा उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण विभाग है। ऐसे में उपभोक्ताओं के साथ कथित मारपीट और अपमानजनक व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लोगों ने वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित को न्याय दिलाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की।




प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पुतला दहन में पीड़ित विनोद पासवान के अलावा अविनाश त्रिपाठी ‘बप्पी’, मगन राय, दीपक यादव, मनु सिंह, नथुनी खरवार, अभिषेक कुमार, अमरेंद्र सिंह, प्रशांत ठाकुर, संटु मित्रा, अजीत तिवारी, आनंद सिंह, संजय पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu