बक्सर । बच्चों को यौन उत्पीड़न से बचाने, उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को बिहार सेंट्रल स्कूल, बक्सर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर की ओर से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, 2012 के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशोर न्याय परिषद, बक्सर के प्रधान दंडाधिकारी हर्षवर्धन सिंह ने बच्चों को उनके अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी भी असहज स्थिति को पहचान सकें और समय रहते मदद मांग सकें।
शरीर पर बच्चों का अपना अधिकार, गलत स्पर्श पर चुप न रहें
शिविर में विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें बताया गया कि ऐसा स्पर्श, जिससे वे सुरक्षित और सहज महसूस करें, तथा ऐसा स्पर्श, जिससे डर, असहजता या बेचैनी हो, उसके बीच अंतर पहचानना जरूरी है। बच्चों को अपने शरीर के निजी अंगों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी व्यक्ति के अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करने की सीख दी गई।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि यदि कोई उन्हें गलत तरीके से छूने का प्रयास करे या किसी अनुचित गतिविधि को गुप्त रखने के लिए कहे, तो वे स्पष्ट रूप से मना करें, सुरक्षित स्थान पर जाएं और तुरंत माता-पिता, शिक्षक या किसी अन्य भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्हें यह भी बताया गया कि ऐसी किसी घटना के लिए बच्चा जिम्मेदार नहीं होता और मदद मांगने में संकोच नहीं करना चाहिए।
पॉक्सो एक्ट बच्चों को देता है कानूनी संरक्षण
कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट, 2012 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को बताया गया कि यह कानून उन्हें यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति या सक्षम प्राधिकारी तक पहुंचाने के लिए जागरूक किया गया।
आपात स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चे और उनके अभिभावक मदद प्राप्त कर सकें।
न्यायिक एवं विद्यालय के पदाधिकारी रहे मौजूद
शिविर में पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार श्रीवास्तव और पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) ब्रजेश कुमार उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से सुधीर कुमार, अशोक कुमार सिंह और कार्यालय परिचारी सुनील कुमार ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया।
विद्यालय की ओर से सचिव सरोज सिंह, उपप्राचार्य विनय कुमार तिवारी तथा शिक्षक वरुण कुमार, सुनील कुमार, मो. चांद और मो. अतीक मौजूद रहे। वहीं, विद्यार्थियों में प्राप्ति पांडेय, राजलक्ष्मी, शीतल कुमारी, श्वेतांक पांडेय और अभिषेक सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर की ओर से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिविर के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित वातावरण, व्यक्तिगत अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments