बक्सर । जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मिशन प्रभाकिरण के तहत जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी साहिला के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में नगर निकायों के वार्ड पार्षद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे अपने-अपने वार्डों में घर-घर संपर्क कर लोगों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय सहायता की जानकारी दे रहे हैं।
अभियान के तहत वार्ड पार्षद नागरिकों को अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही, योजना का लाभ लेने के इच्छुक परिवारों को आवेदन करने में मार्गदर्शन दिया जा रहा है। योजना के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय भी स्थापित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने वार्ड पार्षदों की सक्रिय सहभागिता और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। प्रशासन का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, नगर निकाय के पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना है।
बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा
जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के सभी परिवारों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने से बिजली बिल में बचत करने के साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मिशन प्रभाकिरण से जुड़कर अभियान को सफल बनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी योजना के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से बक्सर में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाना है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments