Ad Code

बक्सर में भीषण अगलगी, केशरी जनरल स्टोर में 40 लाख की संपत्ति जलकर राख, तीन दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका



बक्सर । शहर के नमक गोला रोड स्थित केनरा बैंक के समीप केशरी जनरल स्टोर में गुरुवार की रात भीषण अगलगी की घटना हुई। आग की चपेट में आने से दुकान और पीछे स्थित गोदाम में रखे लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए। दुकानदार बबलू केशरी के अनुसार, इस घटना में करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिजली के पोल से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।



दुकानदार बबलू केशरी ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। लगभग आधे घंटे बाद मोहल्ले के लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दो अन्य दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। सदर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी और प्रधान अग्निक हरेकृष्ण कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। तीन अग्निशमन वाहनों की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया गया। इस दौरान आसपास की दुकानों और मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।


दुकान और गोदाम में रखा सामान जला

केशरी जनरल स्टोर में थोक और खुदरा दोनों तरह का कारोबार होता था। दुकान में डिटर्जेंट पाउडर, तेल, साबुन, बिस्कुट, शैंपू, चॉकलेट, आइसक्रीम, मेहंदी समेत जनरल स्टोर के कई उत्पाद रखे हुए थे। आग दुकान के पीछे बने गोदाम तक भी पहुंच गई, जिससे वहां रखे सामान को भी नुकसान हुआ। दुकानदार के अनुसार, घटना में करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। बबलू केशरी मूल रूप से रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के बेलथरी गांव के निवासी हैं।

अग्निशमन विभाग ने लोगों से की अपील

घटना के बाद अग्निशमन विभाग ने लोगों से बिजली के उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच कराने की अपील की है। विभाग ने गुणवत्तापूर्ण विद्युत सामग्री का इस्तेमाल करने और दुकानों व प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र रखने की सलाह दी है। आग लगने की स्थिति में तत्काल 101 या 112 पर सूचना देने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त विभाग के मोबाइल नंबर 7485805930 और 7485805931 पर भी संपर्क किया जा सकता है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu