Ad Code

प्रकृति की मार से बेहाल किसानों को मिले उचित मुआवजा, फसल क्षति का हो निष्पक्ष सर्वे : डॉ. श्रवण तिवारी


बक्सर । बिहार में चक्रवात, तेज आंधी और लगातार हो रही बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने चिंता जताई है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत एवं उचित मुआवजा देने की अपील की है।



डॉ. श्रवण तिवारी ने कहा कि खेतों में धान की फसल पककर तैयार थी। किसान अपनी महीनों की मेहनत के बाद उपज घर लाने की तैयारी में थे, लेकिन चक्रवात और मूसलाधार बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल गिर गई है। कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि उन किसान परिवारों की आजीविका और आर्थिक स्थिति पर भी गहरा असर है, जिनकी निर्भरता खेती पर है। सरकार को इस परिस्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराना चाहिए।



उन्होंने मांग की कि बर्बाद हुई धान एवं अन्य फसलों का उचित मुआवजा दिया जाए, खेतों से जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था हो तथा प्रभावित किसानों को कृषि सहायता और फसल बीमा का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। साथ ही किसानों को संकट से उबारने के लिए विशेष राहत पैकेज की व्यवस्था भी की जाए।

डॉ. श्रवण तिवारी ने कहा कि किसान पूरे देश का पेट भरता है। ऐसे संकट के समय किसानों के साथ खड़ा होना सरकार, प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अन्नदाता की खुशहाली में ही देश की खुशहाली है। इसलिए सरकार किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द राहत पहुंचाए।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu