शिक्षकों के नवाचार, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और विद्यालयों की उत्कृष्ट गतिविधियों को मिलेगा डिजिटल मंच
बक्सर । शिक्षा विभाग, बक्सर की मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ का अक्टूबर 2026 अंक जारी किया गया। इसका लोकार्पण जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ईई एवं एसएसए) अनन्या, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) सुरेश प्रसाद, डायट के व्याख्याता डॉ. नवनीत सिंह और संपादन मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि नवाचार, रचनात्मकता और निरंतर सीखने की प्रक्रिया है। ‘बोधिका’ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा, उपलब्धियों और नए प्रयोगों को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या ने कहा कि शिक्षकों के अनुभवों और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को साझा करने से प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं, सुरेश प्रसाद ने कहा कि पत्रिका में प्रकाशित शैक्षिक गतिविधियां विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता विकसित करने में प्रेरणादायी साबित हो सकती हैं।
डायट के व्याख्याता डॉ. नवनीत सिंह ने ‘बोधिका’ को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और शैक्षिक नवाचारों के आदान-प्रदान का सशक्त डिजिटल मंच बताया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से विद्यालयों में किए जा रहे प्रभावी प्रयोगों और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण गतिविधियों को व्यापक स्तर पर साझा किया जा सकता है।
ई-पत्रिका का उद्देश्य जिले के विद्यालयों की उत्कृष्ट गतिविधियों, शिक्षकों के अनुभवों, विद्यार्थियों की प्रतिभा और शैक्षिक नवाचारों को एक साझा मंच प्रदान करना है। इससे जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को पहचान मिलने के साथ शिक्षकों के बीच संवाद और सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में संपादन मंडल से सुरेंद्र, रामभजन राम, विमल कुमार सिंह, डॉ. मृत्युंजय राय, राजेश कुमार, रविशंकर गुप्ता, रवि कुमार, महताब अली, सोनम कुमारी और सुगंधा कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments