Ad Code

बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग बना जानलेवा, जर्जर सड़क पर रोजाना हादसों का खतरा


- इटाढ़ी रेलवे गुमटी से लालगंज मोड़ तक सड़क की हालत बदतर, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित

बक्सर । बक्सर से इटाढ़ी जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी जर्जर हालत के कारण राहगीरों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का सबब बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलजमाव के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। खासकर प्रतिदिन इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।


यह सड़क केवल बक्सर और इटाढ़ी को जोड़ने वाला मार्ग नहीं है, बल्कि बक्सर को रोहतास जिले के दिनारा से जोड़ने के साथ करीब दो लाख की आबादी के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता भी है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर करने की दिशा में अब तक ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

सबसे खराब स्थिति इटाढ़ी रेलवे गुमटी पार करने के बाद पीसी कॉलेज के समीप से लेकर लालगंज मोड़ तक बनी हुई है। बारिश और नालों का पानी सड़क पर जमा होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में अनजान राहगीर अचानक गड्ढों में फंसकर संतुलन खो बैठते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर बाइक सवारों और ऑटो रिक्शा के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू लदे भारी वाहनों के लगातार परिचालन से जिले की कई सड़कों की हालत बिगड़ रही है। भारी वाहनों के दबाव के बीच जर्जर सड़कों की मरम्मत नहीं होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस महत्वपूर्ण सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu