Ad Code

आचार्य नरेंद्र देव स्कूल में पोलियो उन्मूलन अभियान, 400 बच्चों को बांटी गईं जागरूकता टोपियां


बच्चों को पोलियो से बचाव और टीकाकरण के महत्व की दी गई जानकारी, पोलियो मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

बक्सर । शहर के आचार्य नरेंद्र देव स्कूल में साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल और मानवाधिकार टीम के संयुक्त तत्वावधान में पोलियो उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 400 बच्चों को जागरूकता टोपियां वितरित की गईं। साथ ही बच्चों को पोलियो के दुष्परिणाम, बचाव के उपाय और टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता और नियमित टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई थी। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बच्चों और समाज के बीच जागरूकता फैलाने की पहल की गई है।

स्वागत भाषण के दौरान डॉ. दिलशाद आलम एवं डॉ. मनीष ने पोलियो उन्मूलन में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और रोटरी इंटरनेशनल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं के निरंतर प्रयासों से दुनिया के अधिकांश देशों में पोलियो पर प्रभावी नियंत्रण हासिल किया गया है। हालांकि, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देशों में अब भी पोलियो के मामले सामने आते हैं। ऐसे में सतर्कता, निगरानी और टीकाकरण अभियान जारी रखना आवश्यक है।




उन्होंने कहा कि 'दो बूंद जिंदगी की' का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में पोलियो वैक्सीन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वैज्ञानिक डॉ. जोनास साल्क और डॉ. अल्बर्ट साबिन के योगदान को भी याद किया गया। डॉ. साल्क ने 1955 में निष्क्रिय पोलियो वैक्सीन विकसित की, जबकि डॉ. साबिन ने ओरल पोलियो वैक्सीन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अभियान के दौरान बच्चों ने तालियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अंजूत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार, एकता त्रिवेदी, अजय पाल उपाध्याय, दीपिका, रुखसाना बानो, दीपचंद, खुशबू कुमारी, पूजा कुमारी एवं रमेश चौधरी समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu