Ad Code

किसानों की आय बढ़ाने के लिए नकदी फसलों और आधुनिक तकनीक को अपनाएं: डीएम साहिला


बक्सर में जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, प्रखंडों में 23 से 31 अक्टूबर तक होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम

बक्सर । बाजार समिति रोड स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में गुरुवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), बक्सर के तत्वावधान में जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में प्रसार कर्मियों और प्रगतिशील किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक तकनीक और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई।



डीएम साहिला ने कहा कि किसानों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं को समय पर उन तक पहुंचाने और धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में ऐसी कार्यशालाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्रसार कर्मियों को किसान और कृषि विभाग के बीच अहम कड़ी बताते हुए किसानों को कृषि उद्यमी बनाने, आधुनिक तकनीक अपनाने तथा पारंपरिक खेती के साथ ड्रैगन फ्रूट, टमाटर, प्याज और आलू जैसी नकदी फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक सीखने के लिए दूसरे प्रदेशों में प्रशिक्षण हेतु भेजने तथा टमाटर प्रसंस्करण और पैकेजिंग जैसे मूल्य संवर्धन कार्यों को बढ़ावा देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री कृषि उद्यमी योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं का लाभ भी किसानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

जिला कृषि पदाधिकारी ने रबी मौसम में उत्पादकता बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण, योजनाओं के प्रति जागरूकता और कृषि उपादानों का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।



23 से 31 अक्टूबर तक प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण

कृषि विभाग के अनुसार, बक्सर और चौसा में 23 अक्टूबर, राजपुर और इटाढ़ी में 24 अक्टूबर, डुमरांव और नावानगर में 26 अक्टूबर, केसठ में 27 अक्टूबर, चौगाईं में 28 अक्टूबर, सिमरी में 29 अक्टूबर, चक्की में 30 अक्टूबर तथा ब्रह्मपुर में 31 अक्टूबर को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रमुख डॉ. देवकरण और वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव के प्राचार्य ने रबी फसलों की खेती एवं प्रबंधन पर जानकारी दी। डीडीएम नाबार्ड आनंदवर्द्धन, उप परियोजना निदेशक आत्मा रणधीर कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती सहित कृषि, भूमि संरक्षण, पौधा संरक्षण, मत्स्य पालन और पशुपालन विभाग के पदाधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu