Ad Code

महाराज चंद्रविजय सिंह की स्मृति में चौक, सड़क और प्रतिमा स्थापित करने की उठी मांग, प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, राजपरिवार को सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित पदक देने की भी मांग


बक्सर । डुमराँव स्थित भोजपुर कोठी में राज परिवार के दिवंगत महाराज चंद्रविजय सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान महाराज की स्मृति में चौक और सड़क का नामकरण करने, उनकी प्रतिमा स्थापित करने तथा सामाजिक क्षेत्र में राजपरिवार के अतुलनीय योगदान के लिए परिवार को प्रतिष्ठित पदक से सम्मानित करने की मांग उठी।

वक्ताओं ने दिवंगत महाराज को सामाजिक समरसता, सादगी और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने आजीवन आम लोगों के बीच रहकर समाज की सेवा की। उन्होंने अपने पिता महाराज कमल सिंह की सामाजिक सौहार्द और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया। उनकी सरलता, व्यवहार कुशलता और आम लोगों से आत्मीय जुड़ाव को याद करते हुए लोगों ने कहा कि उनका व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि युवराज शिवांग विजय सिंह अपने पिता की परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाएंगे।



डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने कहा कि महाराज चंद्रविजय सिंह का जीवन सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उनकी स्मृति को स्थायी बनाने के लिए चौक या सड़क का नामकरण और प्रतिमा स्थापित करने की पहल होनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रख सकें।

दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि राजपरिवार ने लंबे समय से सामाजिक सौहार्द और जनकल्याण के क्षेत्र में योगदान दिया है। इस विरासत को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। महाराज की स्मृति में स्मारक स्थापित करने के साथ राजपरिवार के योगदान को प्रतिष्ठित सम्मान देने पर भी विचार होना चाहिए।

मेथोडिस्ट हॉस्पिटल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. आरके सिंह ने कहा कि महाराज चंद्रविजय सिंह की सादगी और लोगों के प्रति आत्मीयता उन्हें विशिष्ट बनाती थी। उनके जीवन और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनकी प्रतिमा स्थापित करना एक सार्थक पहल होगी।

मां शिवरात्रि हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों से होती है। महाराज चंद्रविजय सिंह ने इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाया। उनकी स्मृति में स्मारक स्थापित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन ने कहा कि महाराज चंद्रविजय सिंह का व्यक्तित्व सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक था। राजपरिवार ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस योगदान के लिए परिवार को प्रतिष्ठित पदक से सम्मानित करने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।



लोजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि महाराज की स्मृति को संरक्षित रखना और उनके सामाजिक योगदान को सम्मान देना आवश्यक है। चौक, सड़क और प्रतिमा के माध्यम से उनकी विरासत को स्थायी पहचान मिल सकती है।

डुमरी मुखिया प्रेमसागर कुंवर ने कहा कि महाराज चंद्रविजय सिंह का आम लोगों से गहरा जुड़ाव था। उनकी स्मृति में चौक और सड़क का नामकरण तथा प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।

श्रद्धांजलि सभा में राजपरिवार की ओर से राजमाता कनिका सिंह, युवराज शिवांग विजय सिंह, महाराज कुमार मानविजय सिंह, महाराज कुमार सुमेर विजय सिंह और महाराज कुमार समृद्ध विजय सिंह उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय तिवारी, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, हम जिलाध्यक्ष ऋषि राय, डॉ. आनंद पाण्डेय, भारत भूषण सिंह, डॉ. विजय गुप्ता, डॉ. शशांक शेखर, समाजसेवी राजीव रंजन सिंह, वंशी सिंह, रामजी सिंह, अशोक सिंह, अम्बरीष पाठक, रमेश सिंह, अजय प्रताप सिंह, सुनील सिद्धार्थ, रविशंकर सिंह, डॉ. शोभा सिंह, कनकलता सिंह, पं. विंध्याचल ओझा, दीनू सिंह, रिंकू पाण्डेय, सिंकू सिंह, आरएसएस के दक्षिण बिहार संचालक राजेंद्र ठाकुर, अभिषेक भारती, पूर्व मुखिया बद्री विशाल सिंह, पूर्व जिला पार्षद सोनू सिंह, पूर्व वार्ड पार्षद सोनू राय, विकास पाठक, महान तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu