बक्सर । बक्सर में राज्य स्तरीय विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता और राज्य स्तरीय ओपन चयन ट्रायल मलखम प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक हुई। इसमें खिलाड़ियों के आवासन, चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
राज्य स्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होगी। वहीं, मलखम (बालक-बालिका) के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग का राज्य स्तरीय ओपन चयन ट्रायल 29 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को खिलाड़ियों के आवासन स्थलों पर स्वच्छ वातावरण और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन को आयोजन स्थल और आवासन स्थलों पर आवश्यकतानुसार एंबुलेंस सहित चिकित्सा दल तैनात करने को कहा गया। वहीं, एमपी उच्च विद्यालय के खेल मैदान और खिलाड़ियों के लिए चयनित विद्यालयों में साफ-सफाई एवं फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक से आयोजन और आवासन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को तीरंदाजी के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रशिक्षण देने के लिए वरीय तीरंदाजी प्रशिक्षक मुक्ति नारायण पाठक भी प्रशिक्षण देंगे।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों और दल प्रभारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments