Ad Code

दशहरा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 346 पूजा पंडालों पर रहेगी निगरानी, डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने की समीक्षा, 8 क्विक रिस्पांस टीम गठित; सूर्य घर योजना और विकास कार्यों की भी दी जानकारी



बक्सर । दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधि-व्यवस्था के साथ विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।



जिले में प्रस्तावित 346 पूजा पंडालों में बक्सर अनुमंडल के 151 और डुमरांव के 195 पंडाल शामिल हैं। सुरक्षा के लिए 199 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, 33 स्थानों पर गश्ती दल और दोनों अनुमंडलों में एक-एक जोनल दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा बक्सर में पांच और डुमरांव में तीन क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं। 19 स्थानों पर बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था होगी। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06183-223333 जारी किया गया है। विजयादशमी का मुख्य कार्यक्रम 20 अक्टूबर को किला मैदान और भरत मिलाप लीला 22 अक्टूबर को यमुना चौक में आयोजित होगी।

मिशन ज्ञानार्जन में 135 नवाचार मॉडल प्रदर्शित

मिशन ज्ञानार्जन के तहत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्कूलों में एयर प्यूरीफायर, वाटर प्यूरीफायर और भूकंपरोधी मकान समेत करीब 135 नवाचार आधारित मॉडल प्रदर्शित किए गए।

मिशन कायाकल्प में 80 योजनाएं पूरी

जिले में मिशन कायाकल्प के तहत 1,360 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,668 योजनाएं ली गई हैं। इनमें 428 को तकनीकी और 422 को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है, जबकि 169 योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है और 80 पूरी हो गई हैं।



सूर्य घर योजना में 258 परिसरों में लगे सोलर पैनल

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1,680 घरेलू उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें 258 परिसरों में सोलर पैनल लगाए गए और 169 उपभोक्ताओं को सब्सिडी मिली है। वहीं, 4,129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छतों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। नवंबर 2026 तक सभी संबंधित उपभोक्ताओं के सोलर पैनल चालू करने का लक्ष्य है। जागरूकता के लिए 15 पूजा पंडालों में शिविर लगाए जाएंगे।

समरसता शिविरों में 3,046 आवेदनों का निष्पादन

श्री गुरु संत रविदास समरसता विकास शिविर के तहत 22 योजनाओं में कुल 4,673 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 3,046 का निष्पादन किया गया, जबकि 1,627 लंबित हैं। 15 अक्टूबर को आयोजित 17 शिविरों के लिए विकास मित्रों के माध्यम से पहले ही 229 आवेदन प्राप्त किए गए थे।

जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, विकास योजनाओं में तेजी लाने और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu