Ad Code

कारागार में गूंजी श्रीकृष्ण जन्म की किलकारी, रामलीला मंच पर गूंजा जय श्रीराम का जयघोष



बक्सर । ऐतिहासिक किला मैदान स्थित विशाल रामलीला मंच पर श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को श्रीकृष्ण जन्म और रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। वृंदावन से पहुंचे श्री बालकृष्ण रासलीला रामलीला मंडल के कलाकारों ने स्वामी श्री मोहन श्याम भारद्वाज के निर्देशन में दिन में श्रीकृष्ण लीला और रात में रामलीला का मंचन कर दर्शकों को भक्तिभाव से भर दिया।


दिन में भगवान श्रीकृष्ण जन्म की मनोहारी लीला प्रस्तुत की गई। मंचन में दिखाया गया कि देवकी-वसुदेव के विवाह के बाद आकाशवाणी हुई कि देवकी की आठवीं संतान कंस के अत्याचार का अंत करेगी। इसके बाद भयभीत कंस ने दोनों को कारागार में बंद कर दिया। भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी की अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य प्राकट्य हुआ। भगवान के निर्देश पर वसुदेव उन्हें गोकुल में नंद बाबा के घर पहुंचाकर यशोदा के पास जन्मी कन्या को लेकर मथुरा लौट आए। कंस के हाथ से छूटकर वह कन्या योगमाया के रूप में प्रकट हुई और कंस को चेतावनी दी कि उसका संहार करने वाला जन्म ले चुका है।

श्रीकृष्ण जन्म के दृश्य के दौरान ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा रामलीला परिसर भक्तिमय हो उठा।

वहीं रात्रि में मनु-सतरूपा तपस्या, रावण जन्म एवं अत्याचार प्रसंग का प्रभावशाली मंचन हुआ। इसमें स्वायंभुव मनु और महारानी सतरूपा की कठोर तपस्या, भगवान श्रीहरि के दर्शन और उन्हें पुत्र रूप में प्राप्त करने के वरदान का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके बाद रावण के जन्म, कठोर तपस्या से वरदान प्राप्त करने और अहंकार में देवताओं, ऋषि-मुनियों तथा प्रजा पर किए गए अत्याचारों का मंचन किया गया। कुंभकर्ण और विभीषण की तपस्या एवं वरदान का प्रसंग भी दर्शाया गया।



रावण के अत्याचारों से त्रस्त देवताओं और ऋषि-मुनियों द्वारा भगवान श्रीहरि से धर्म की रक्षा तथा अधर्म के विनाश की प्रार्थना के साथ भगवान श्रीराम के अवतार की पृष्ठभूमि का भी भावपूर्ण चित्रण किया गया।

देर रात तक चले मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा रामलीला परिसर गुंजायमान रहा। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।

मंचन के दौरान रामलीला समिति के सचिव बैकुंठनाथ शर्मा, संयुक्त सचिव हरिशंकर गुप्ता, मंच प्रभारी उदय सर्राफ उर्फ जोखन, लाइसेंसदार कृष्णा वर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu