Ad Code

कन्या पूजन में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, हिंदू-मुस्लिम बच्चियों का हुआ पूजन


नवज्योति बक्सर एवं राजेश्वर पांडेय मेमोरियल ट्रस्ट की पहल, कन्याओं को पूजन के साथ बांटी गई शैक्षणिक सामग्री

बक्सर । नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट विद्यालय परिसर में नवज्योति बक्सर एवं राजेश्वर पांडेय मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कन्या पूजन सह पठन-पाठन सामग्री वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम सहित विभिन्न धर्मों की बच्चियों का देवी स्वरूप मानकर पूजन किया गया। आयोजन ने सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और बेटियों के सम्मान की मिसाल पेश की।


कार्यक्रम में नवज्योति, हावड़ा के शिक्षक एवं समाजसेवी डॉ. अरविंद मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, कोलकाता के प्रेसीडेंसी कॉलेज से छितेश्वर प्रसाद और शिक्षक प्रभात मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर बच्चियों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, लंच बॉक्स, कॉपी, पेंसिल, रंग, रबर, शार्पनर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही उन्हें चिप्स, केक एवं अन्य खाद्य सामग्री भी दी गई। ट्रस्टी धर्मेंद्र पांडेय ने बच्चियों के पैर पखारकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उन्हें भोजन कराया।


राजेश्वर पांडेय मेमोरियल ट्रस्ट के सेटलर धीरज पांडेय ने बताया कि यह आयोजन पिछले चार वर्षों से लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। प्रत्येक बच्ची को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में नवज्योति बक्सर के विजय जी के साथ निहारिका पांडेय, सिंपल तिवारी, राहुल कुमार, राजकुमार, नंदनी कुमारी, आफरीन अख्तरी, हरिशंकर, फूल कुमारी, संगीता, मंजु देवी, सोनी देवी, पूनम एवं अभिमन्यु कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन ने संदेश दिया कि बेटियों का सम्मान किसी धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है। शिक्षा, समानता और आपसी सद्भाव के माध्यम से ही समरस एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu