हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर, यशवंतपुर-सहरसा और टाटा-बक्सर स्पेशल का होगा परिचालन, यात्रियों को मिलेगी राहत
बक्सर । आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बक्सर के यात्रियों के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इनमें हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर, यशवंतपुर-सहरसा और टाटा-बक्सर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से बक्सर, आरा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत, झारखंड और बिहार के विभिन्न शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन ट्रेनों का परिचालन अक्टूबर से नवंबर 2026 तक निर्धारित तिथियों में किया जाएगा। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के दिन और समय का विशेष ध्यान रखना होगा।
हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को
गाड़ी संख्या 07315 हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को हुब्बल्लि से शाम 4:45 बजे खुलेगी। ट्रेन गुरुवार को सुबह 8:30 बजे डीडीयू, 9:40 बजे बक्सर, 10:33 बजे आरा और 11:23 बजे दानापुर पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे पाटलिपुत्र और 1 बजे हाजीपुर रुकते हुए दोपहर 2:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 07316 मुजफ्फरपुर-हुब्बल्लि स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 8:40 बजे मुजफ्फरपुर से खुलेगी। यह ट्रेन दोपहर 12:56 बजे बक्सर और 11:50 बजे आरा पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए रविवार सुबह 7:30 बजे हुब्बल्लि पहुंचेगी।
यशवंतपुर-सहरसा स्पेशल का भी मिलेगा लाभ
गाड़ी संख्या 06581 यशवंतपुर-सहरसा स्पेशल 11 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को सुबह 7 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन मंगलवार को सुबह 7:50 बजे डीडीयू, 9:18 बजे बक्सर, 10:18 बजे आरा और 11:13 बजे दानापुर पहुंचेगी। इसके बाद पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए रात 8:20 बजे सहरसा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 06582 सहरसा-यशवंतपुर स्पेशल 14 अक्टूबर से 2 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 5:55 बजे सहरसा से खुलेगी। यह ट्रेन दोपहर 1:35 बजे दानापुर, 2:13 बजे आरा और 3:01 बजे बक्सर पहुंचेगी। इसके बाद डीडीयू सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए शुक्रवार शाम 4 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
टाटा-बक्सर स्पेशल बुधवार को पहुंचेगी बक्सर
गाड़ी संख्या 08183 टाटा-बक्सर स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को रात 8:30 बजे टाटा से रवाना होगी। यह ट्रेन बुधवार को सुबह 2:18 बजे कोडरमा, 4:50 बजे राजगीर, 5:30 बजे बिहारशरीफ और 7:10 बजे पटना जंक्शन रुकते हुए सुबह 9:15 बजे बक्सर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 08184 बक्सर-टाटा स्पेशल 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 11:55 बजे बक्सर से खुलेगी। यह ट्रेन दोपहर 1:40 बजे पटना जंक्शन, 3:40 बजे बिहारशरीफ और 4:08 बजे राजगीर पहुंचेगी। इसके बाद कोडरमा, बोकारो और मुरी होते हुए गुरुवार रात 12:35 बजे टाटा पहुंचेगी।
त्योहारों के दौरान इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से बक्सर के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रस्थान से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक सूचना से अवश्य प्राप्त कर लें।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments