Ad Code

बक्सर रामलीला: जयंत पर प्रभु श्रीराम की कृपा और सूर्पणखा नासिका भंग का हुआ मंचन


विजयादशमी महोत्सव के 11वें दिन कृष्णलीला में भक्त नरसी मेहता की अटूट भक्ति ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

बक्सर । श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के 11वें दिन बुधवार को दिन में कृष्णलीला और देर रात रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। वृंदावन से आए श्री बाल कृष्ण रासलीला एवं रामलीला मंडल के कलाकारों ने निर्देशक स्वामी मोहन श्याम भारद्वाज के निर्देशन में श्रद्धालुओं को भक्ति और धर्म के संदेश से भावविभोर कर दिया।



रामलीला में जयंत पर प्रभु श्रीराम की कृपा, माता अनसूइया से भेंट और सूर्पणखा नासिका भंग के प्रसंगों का मंचन हुआ। कथा के अनुसार, माता सीता को घायल करने वाले जयंत पर प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण छोड़ दिया। उससे बचने के लिए जयंत ने अनेक देवताओं की शरण ली, लेकिन उसे कहीं आश्रय नहीं मिला। अंततः नारद जी की सलाह पर प्रभु श्रीराम की शरण में पहुंचने पर भगवान ने उसे दंड देने के साथ अपनी कृपा भी प्रदान की।

इसके बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी महर्षि अत्रि के आश्रम पहुंचे। यहां माता अनसूइया ने माता सीता को नारी धर्म और पतिव्रता के आदर्शों की शिक्षा दी। आगे पंचवटी में सूर्पणखा ने प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण जी के समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखा। उसके हठ करने पर लक्ष्मण जी द्वारा उसकी नासिका काटने के प्रसंग ने दर्शकों में विशेष उत्सुकता पैदा की।



नरसी मेहता की भक्ति ने जीता श्रद्धालुओं का मन

दिन में आयोजित कृष्णलीला में भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त नरसी मेहता की भक्ति और सेवा-भाव का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। कथा में साधुओं द्वारा द्वारका जाने के लिए नरसी मेहता से पांच सौ रुपये की हुंडी लिखवाने और भगवान श्रीकृष्ण के सांवल शाह के रूप में प्रकट होकर उनकी लाज रखने का भावपूर्ण चित्रण किया गया।

वहीं, नरसी मेहता द्वारा वृद्ध संत को प्रेमपूर्वक भोजन कराने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को सेवा और समर्पण का संदेश दिया। लीला के माध्यम से बताया गया कि सच्ची श्रद्धा, निस्वार्थ सेवा और भगवान के प्रति अटूट विश्वास का विशेष महत्व है।

समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

मंचन के दौरान श्री रामलीला समिति के पदाधिकारी बैकुण्ठनाथ शर्मा, हरिशंकर गुप्ता, कृष्णा वर्मा, उदय सर्राफ, जोखन जी, नारायण राय, राजकुमार गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu