Ad Code

बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, चार मोबाइल के साथ तीन संदिग्ध गिरफ्तार


- ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई, यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकारने का दावा; जीआरपी को सौंपे गए तीनों आरोपी

बक्सर । आगामी त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बक्सर रेलवे स्टेशन पर गश्ती और निगरानी के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें तीन स्मार्टफोन और एक कीपैड मोबाइल शामिल हैं। कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, दानापुर उदय सिंह पवार के आदेश तथा आरपीएफ पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत की गई।




आरपीएफ के अनुसार, पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान चंदन कुमार (29 वर्ष), निवासी गगोरा, जिला बक्सर; शहाबुद्दीन खान उर्फ बोरा, निवासी पश्चिम मौला, नया भोजपुर; और मोहम्मद मुराद खान उर्फ मुन्ना, निवासी चकवा, थाना धनगाई, जिला भोजपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान तीनों ने कथित तौर पर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में मौका पाकर यात्रियों के मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान चोरी करने की बात बताई। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में भी यात्रियों के सामान की चोरी से जुड़ी जानकारी मिलने की बात आरपीएफ ने कही है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई के लिए निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी करण सिंह, आरक्षी रमेश सिंह, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार और आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव शामिल थे।





कार्रवाई के बाद तीनों पकड़े गए व्यक्तियों और बरामद चारों मोबाइल फोन को आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (जीआरपी), बक्सर को सौंप दिया गया।

त्योहारों में यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष नजर

त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर आरपीएफ ने निगरानी तेज कर दी है। ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलवे परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति भरोसा कायम रखना है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu